रसूलाबाद। क्षेत्र स्थित एक डिग्री कॉलेज में प्रवेश पत्र लेने जा रही बीएससी की छात्रा से शोहदों ने अश्लील हरकत की। इस दौरान वीडियो बनाने का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध करते हुए आरोपियों के परिजनों से शिकायत की तो सभी ने पिता-पुत्री को पीट दिया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की बेटी कस्बे के डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। बुधवार को वह कॉलेज में प्रवेश पत्र लेने जा रही थी। रास्ते में मिले गांव के प्रदीप और मोनू ने उससे अश्लील हरकतें की और वीडियो बनाने लगे।
छात्रा किसी तरह कालेज पहुंची और प्रवेश पत्र लेकर घर आई। इसके बाद पिता को पूरी जानकारी दी। इस पर पिता-पुत्री आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे तो वहां प्रदीप, मोहित, मोनू कुशवाहा, जगदीश, राधेलाल ने मिलकर दोनों को पीट दिया।
छात्रा के पिता ने रसूलाबाद थाने में लिखित शिकायत दी है। कार्यवाहक थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।