रसूलाबाद। जोत गांव में बुधवार दोपहर बाइक से आए दो टप्पेबाजों ने महिलाओं को बातों में उलझाकर सफाई के बहाने करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर पार कर दिए। सूचना पर पुलिस ने छानबीन शुरू की है।
जोत गांव निवासी रविंद्र सिंह की पत्नी शिव कांती के पास बुधवार को बाइक से दो युवक पहुंचे और पीतल के बर्तन चमकाने की बात कही। इस पर शिव कांती ने पीतल के बर्तन साफ कराए। इसके बाद युवकों ने सोने-चांदी के जेवर भी साफ करने के लिए मांगे।
इस पर शिवकांती ने उन्हें सोने की जंजीर, दो अंगूठी, दो जोड़ी झुमकी, बृजबाला व टॉप्स अलमारी से निकाल दे दिए। सफाई के दौरान युवकों ने घर में मौजूद अन्य महिलाओं को भी बुलाने को कहा। इस पर शिवकांती अपनी देवरानी को बुलाने घर के अंदर गई।
इस दौरान घर के बाहर मौजूद बाइक सवार युवक जेवर लेकर फरार हो गए। देवरानी को लेकर घर के बाहर आई शिवकांती युवकों व जेवर न देखकर सन्न रह गए। घटना की सूचना पुलिस को दी। महिला ने पुलिस को बताया कि युवक करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर ले गए हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि बाइक सवार नहर रोड से कन्नौज की तरफ निकल गए। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।