फत्तेपुर गांव में छानबीन करती पुलिस व मौजूद लोग। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
शिवली (कानपुर देहात)। फत्तेपुर गांव में बुधवार रात होमगार्ड की बेटी ने घर के अंदर कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह देर तक युवती के बाहर नहीं आने पर भाई ने दरवाजा तोड़कर देखा तो शव फंदे से लटका मिला। पिता गाजियाबाद में चुनाव ड्यूटी में गए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
शिवली कोतवाली के फत्तेपुर निवासी विमल द्विवेदी कानपुर में होमगार्ड हैं। इस समय वह गाजियाबाद में चुनाव ड्यूटी पर गए हैं। उनकी पत्नी प्रमिला भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए बड़े बेटे रामजी के साथ चौबेपुर गई थीं।
घर पर छोटा बेटा श्यामजी, बड़ी बहू रजनी व बेटी कीर्ति (21) मौजूद थी। बुधवार रात करीब दस बजे कीर्ति ने भाभी व भाई के साथ खाना खाया। इसके बाद अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह जब कीर्ति के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला तो भाभी रजनी ने आवाज लगाई।
कोई जवाब न मिलने पर उसने घर के बाहर सफाई कर रहे देवर श्यामजी को बताया। श्यामजी ने दरवाजा तोड़कर देखा तो बहन का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे बाघपुर चौकी प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने छानबीन की। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में छानबीन की जा रही है।