कानपुर देहात। शासन की हरी झंडी मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग के सचिव ने वार्षिक परीक्षा कराने के निर्देश बीएसए को दिए हैं। इस पर 22 मार्च से होने वाली परीक्षा के लिए समय सारणी, प्रश्नपत्र तैयार करने, कॉपियों की जांच के बाद परिणाम घोषित कर प्रगति रिपोर्ट बनाने की रूपरेखा तय की गई है।
जनपद में कुल 1925 परिषदीय स्कूल हैं। प्राथमिक स्तर की कक्षाओं में करीब 1.19 लाख और जूनियर स्तर की कक्षाओं में करीब 40 हजार छात्र पंजीकृत हैं। कोरोना संक्रमण की वजह से दो साल से वार्षिक गृह परीक्षाएं नहीं हो सकीं।
इस बार बेसिक की वार्षिक गृह परीक्षाएं कराने की शासन ने हरी झंडी दी है। इसके तहत 13 मार्च से प्रश्नपत्र बनाने हैं। वहीं, 16 मार्च से इनकी छपाई कराकर 21 मार्च को बीईओ स्तर पर विद्यालयों में वितरण कराना है।
वार्षिक गृह परीक्षाएं 22 मार्च से 27 मार्च तक दो पालियों में कराने के निर्देश दिए गए हैं। 28 मार्च से 30 मार्च तक मूल्यांकन कार्य और परीक्षाफल तैयार किया जाएगा। 31 मार्च को परीक्षाफल घोषित करने के साथ ही प्रगति रिपोर्ट छात्रों को वितरित की जानी है।
फिलहाल जनपद में किस विषय की परीक्षा कब होगी इसका कार्यक्रम अभी तय नहीं किया गया है। जानकारों के अनुसार सुबह की पाली में 9.30 बजे से 11.30 बजे तक और दोपहर की पाली में 12.30 बजे से 2.30 बजे तक परीक्षा होगी।
डायट प्राचार्य अरुण शुक्ला ने बताया कि बीएसए की ओर से परीक्षा कार्यक्रम का प्रस्ताव आता है। वह केवल अनुमोदन करते हैं। फिलहाल बीएसए की ओर से इसका प्रस्ताव नहीं मिला है। उम्मीद है कि एक दो दिन में यह तय कर लिया जाएगा। परीक्षाएं 22 मार्च से कराई जाएंगी।
कक्षा एक में केवल मौखिक परीक्षा
कक्षा एक में हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरणीय अध्ययन विषय पढ़ाए जाते हैं। इन विषयों की मौखिक परीक्षा होगी। कक्षा दो में इन विषयों की मौखिक व लिखित दोनों परीक्षाएं होंगी। कक्षा छह, सात और आठ में केवल लिखित परीक्षा होगी। सभी विषयों में परीक्षा का पूर्णांक 50 अंक का होगा।