कानपुर देहात। फतेहपुर एसपी के सीयूजी नंबर पर कॉल कर अभद्रता व जान से मारने की धमकी देने के आरोपी हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह चौहान को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच भोगनीपुर सीओ को सौंपी गई है। सीओ की रिपोर्ट आने पर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर देहात पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह चौहान ने शुक्रवार देर रात फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह के सरकारी नंबर पर फोन किया था। उस वक्त मोबाइल एसपी के पीआरओ सुनील कुमार सिंह के पास था।
पीआरओ के फोन रिसीव करने पर आरोपी हेड कांस्टेबल ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में पीआरओ की तहरीर पर कोतवाली फतेहपुर में सरकारी काम में बाधा डालने व धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
फतेहपुर पुलिस आरोपी हेड कांस्टेबल की तलाश कर रही है। इधर, एसपी फतेहपुर की तरफ से मामले की रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी सुनीति ने आरोपी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। मामले की जांच सीओ भोगनीपुर तनु उपाध्याय को सौंपी गई है। आरोपी हेड कांस्टेबल से जुड़े एक अन्य मामले की जांच भी सीओ भोगनीपुर कर रही हैं।