सिकंदरा। हरिहरपुर गांव में खंडहर मकान में नशेबाजी के दौरान मोबाइल न लौटने को लेकर हुए विवाद में दोस्त ने पूर्व प्रधान के चचेरे भाई की ईंट से सिर कूच कर हत्या कर दी। हत्यारोपी ने शरीर पर भी कई वार किए। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
सिकंदरा के रोहिनी गांव के पूर्व प्रधान रत्नेश कुमार उर्फ राजू दीक्षित ने बताया कि उनका चचेरा अमरीश उर्फ ज्ञानू दीक्षित (38) औरैया जिले के हालिया गांव में रहता था। इन दिनों वह रोहिनी गांव आया था। अमरीश ने रोहिनी गांव स्थित अपनी जमीन बेच दी थी।
उसका मकान भी खंडहर हो गया था। बुधवार की रात अमरीश ने अपने खंडहर हो चुके मकान में हरिहरपुर गांव निवासी नीरज उपाध्याय के साथ शराब पी। नशेबाजी के दौरान अमरीश ने उसका मोबाइल फोन ले लिया। नीरज ने मोबाइल वापस मांगा, तो अमरीश ने लौटने से इनकार कर दिया।
इसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर नीरज ने ईंट से अमरीश का सिर कूच दिया। शरीर पर भी कई वार किए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके वह नीरज फरार हो गया।
गुरुवार को नीरज ने गांव के कुछ लोगों को अमरीश की हत्या करने की बात बताई। इसके बाद लोग उसके खंडहर मकान में पहुंचे, तो खून से लथपथ शव पड़ा मिला। घटनास्थल के पास ही नीरज की बाइक खड़ी थी।
घटना की सूचना पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इधर, अमरीश की मां मिथिलेश का बेटे की मौत पर रो रो कर बुरा हाल रहा। अमरीश का बड़े भाई रानू दिल्ली में रहता है।
परिवार को उसके लौटने का इंतजार है। थाना प्रभारी रामगोविंद मिश्रा ने बताया पूर्व प्रधान की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी बाइक भी बरामद की गई है।
पोस्टमार्टम में अमरीश की मौत की वजह हेडइंजरी से होने की बात सामने आई है। उसके शरीर पर कई और चोटों के निशान मिले हैं।