कानपुर देहात। राजपुर ब्लॉक में जैनपुर मंदिर के पास स्थित तालाब किनारे लगे नीम के हरे 17 पेड़ काटने के मामले में पुजारी व लकड़ी ठेकेदार से 12 हजार पांच सौ रुपये जुर्माना वसूला गया है। इसके साथ ही हरे पेड़ दोबारा काटने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
राजपुर ब्लॉक में जैनपुर मंदिर के पास तालाब है। यहां बिना अनुमति के मंगलवार व बुधवार को नीम के 17 हरे पेड़ काट लिए गए। जानकारी पर डीएफओ के निर्देश पर टास्क फोर्स प्रभारी वन दरोगा बबीता सिंह ने जांच की तो इसमें मंदिर के पुजारी की भूमिका पायी गई।
उन्होंने राजपुर थाने में तहरीर दी, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। इधर, वन विभाग की ओर से मंदिर के पुजारी अनवा निवासी शिवपाल दास व लकड़ी ठेकेदार भाल गांव निवासी आदराम पर 12 हजार पांच सौ रुपये जुर्माना लगाया गया।
भोगनीपुर रेंजर छेदालाल ने बताया कि दोनों से जुर्माना वसूला गया है। डीएफओ एके द्विवेदी ने बताया कि रेंजर ने कार्रवाई की रिपोर्ट भेजी है। पेड़ों की उम्र, लंबाई व मोटाई के आधार पर जुर्माना लगाया गया है।