राजपुर/सिकंदरा। सिकंदरा स्थित विद्युत उपकेंद्र से जुड़े महेशपुर गांव में शनिवार को बिल भुगतान न करने पर कनेक्शन काटने गई बिजली विभाग की टीम पर बकायेदारों ने हमला कर दिया। इस दौरान सरकारी दस्तावेज भी फाड़े गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस बिजली विभाग की टीम को गांव से निकाल कर थाने लाई। लाइनमैन की तहरीर पर दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है।
विद्युत विभाग ने इन दिनों बकाया बिलों की वसूली के लिए अभियान चला रखा है। इसी के तहत शनिवार को महेशपुर गांव में बड़े बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटने विभाग की टीम पहुंची। वहां टीम को देखते ही बकायेदार इकट्ठा हो गए।
सभी ने मिलकर टीम को घेर लिया और मारपीट की। संविदा लाइनमैन शिव सिंह ने बताया कि वह साथी लाइनमैन कुलदीप, विवेक, आशीष, नफीस अली, मनोज कुमार, राहुल और धर्मवीर के साथ महेशपुर गांव में बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटने के लिए गए थे।
गांव के प्रमोद कुमार व पुष्पेंद्र के घर में बिजली जलती मिली, जबकि दोनों के घरों के कनेक्शन पहले काटे जा चुके थे। इनके घरों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की गई तो प्रमोद व पुष्पेंद्र ने गांव के ही तीन लोगों के साथ मिलकर टीम को घेर लिया।
इसके बाद गाली गलौज करते हुए मारपीट की। शिव सिंह के मुताबिक घटना की सूचना यूपी 112 पर देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तब उन लोगों की जान बची। पुलिस टीम के लोगों को गांव से निकालकर थाने लेकर आई।
सिकंदरा विद्युत उपकेंद्र ग्रामीण के जेई आरएस मौर्या ने बताया कि महेशपुर गांव में लगभग 80 विद्युत कनेक्शन हैं। इनमें आधे से ज्यादा उपभोक्ताओं पर चार लाख रुपये से अधिक का बिल बकाया है।
अमराहट थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि सिकंदरा ग्रामीण क्षेत्र के अवर अभियंता आरएस मौर्या व उनकी टीम के साथ महेशपुर गांव में मारपीट की गई है। हमलावरों ने सरकारी दस्तावेज फाड़ने के साथ ही सरकारी काम में बाधा डाली है। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।