ज्योतिष गांव में मृतक राजेश के परिजनों द्वारा घर के बाहर कराया गया पेंट। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर के ज्योतिष गांव में किसान राजेश कुमार द्विवेदी की मौत मामले में हत्या केस दर्ज कराया गया था। अलबत्ता पुलिस की जांच में साक्ष्य नहीं मिल सके हैं। परिवार न्याय की मांग कर रहा है।
अब परिवार ने घर की दीवार पर मकान व जमीन बिकाऊ लिखकर जल्द गांव छोड़ने की बात कही है। परिजनों का कहना है कि आरोपियों को नहीं पकड़ने से उन्हें अनहोनी की चिंता सता रही है।
ज्योतिष गांव में तीन सितंबर को राजेश कुमार द्विवेदी का शव मंदिर की दीवार में खूंटी पर फंदे पर लटका मिला था। परिजनों ने व विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर राजेश की हत्या का आरोप लगाया था।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। फोरेंसिक जांच में फांसी लगाने की बात कही गई। इधर, न्याय की आस लगाए परिवार अब मकान व जमीन बिकाऊ होने की बात दीवार पर लिखकर गांव छोड़ने की बात कह रहा है।
राजेश की पत्नी शिवलक्ष्मी ने बताया कि आरोपित गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। इससे डर है कि कहीं उनके साथ दूसरी अनहोनी न हो जाए। जमीन व घर बेचकर कहीं और चले जाएंगे। सीओ सदर प्रभात कुमार ने बताया कि मामले में अभी विवेचना चल रही है।