कानपुर देहात। अकबरपुर के नयागंज में मंगलवार भोर में साड़ी व गारमेंट दुकान में आग लग गई। लपटें व धुआं उठने पर पर लोगों को जानकारी हुई। सूचना पर तीन फायर टैंकर लेकर पहुंचे दमकल जवानों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई। इससे पहले दोनों दुकानों का सारा सामान जल गया। आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका है। दुकानदार ने करीब 24 लाख का नुकसान होने की बात कही है।
नयागंज में सर्वेश कौशल के मकान में अशोक नगर निवासी पवन सविता किराए पर आपस में सटी दो दुकानें लिए है। पवन एक दुकान में गारमेंट व दूसरी दुकान में साड़ी व लहंगा आदि का कारोबार किए थे। रोज की तरह सोमवार रात वह दुकान बंद कर घर आ गए।
मंगलवार भोर करीब तीन बजे गारमेंट की दुकान में आग लग गई, जो बढ़कर साड़ी की दुकान में भी पहुंच गई। लपटें व धुआं उठता देखकर ऊपर के हिस्से में रह रहे सर्वेश कौशल ने शोर मचाया तो आसपास के लोग आ गए। लोगों ने दुकानदार को फोन किया।
उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद दमकल को सूचना दी गई। कुछ देर में पवन सविता मौके पर पहुंच गए और उन्होंने शटर खोले। इसी बीच तीन फायर टैंकर लेकर दमकल कर्मी भी पहुंच गए। फायरमैन अनुभव सचान, दीपक दीक्षित, देवनारायण व अनिल आदि ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग काबू की।
तब तक सारा सामान व फर्नीचर आदि जल गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। भवन में आग बुझाने के संसाधन नहीं थे। गनीमत रही कि समय पर सूचना मिल गई और आग काबू कर ली गई।
देरी होने पर आसपास की अन्य दुकानों व मकानों के चपेट में आने की आशंका थी। अग्निशमन अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि घनी बस्ती में दुकान में आग लगी थी, रास्ता भी बेहद संकरा था। इससे कुछ समस्या हुई।
दुकान में आग लगने के बाद लपटों से विद्युत लाइन के तार गलकर टूट गए। वहीं घरेलू केबल भी जल गईं। इससे नयागंज मोहल्ले में भोर तीन बजे करीब 500 घरों की बिजली गुल हो गई। कई घरों में लोग सोते रहे। इन्वर्टर दगा दे गए तब लोगों की नींद खुली। एसडीओ सतीष चंद्र ने बताया कि क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त कराने में वक्त लगा। करीब दस घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई।