कानपुर देहात। नवीपुर स्थित यूपीएसआईडीसी कॉलोनी में फैक्टरी कर्मी ने शनिवार को फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
यूपीएसआईडीसी कालोनी निवासी अर्जुन (35) व उसकी पत्नी पूजा रनियां में अलग-अलग फैक्टरी में काम करते हैं। शनिवार को दोनों घर पर थे। दोपहर में पूजा नहाने के लिए बाथरूम में गई थी। उसी दौरान अर्जुन ने कमरे में लगे पंखे के कुंडे में पत्नी की साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी।
पूजा कमरे में पहुंची तो पति को फंदे पर लटकता देख चीख पड़ी। आसपास के लोगों ने अर्जुन को फंदे से नीचे उतारा। तब तक उसकी सांसे थम चुकी थीं। पूजा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।