कानपुर देहात। रसधान पीएचसी में गुरुवार को एक बुजुर्ग मरीज उपचार के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि दवा देने के बाद फार्मासिस्ट ने बुजुर्ग को पीएचसी के बाहर बैठाकर गेट में ताला डाल दिया। सूचना सीएमओ को मिलने के बाद बुजुर्ग को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
संदलपुर दनियापुर गांव निवासी रामशंकर (74) बीमारी के चलते रसधान पीएचसी में उपचार के लिए आए थे। फार्मासिस्ट लक्ष्मीकांत ने बुजुर्ग को दवा दी। दोपहर दो बजे फार्मासिस्ट उन्हें पीएचसी के बाहर बैठाकर गेट में ताला लगाकर चले गए। इस दौरान बुजुर्ग बाहर लेटे रहे।
यह देख रसधान गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस बीच किसी ने सीएमओ डॉ. एके सिंह को भी सूचना दी। इस पर उन्होंने जांच के लिए मौके पर डॉ. डीके सिंह को भेजा और रसधान पीएचसी से 108 नंबर एंबुलेंस भेजी। वहां से बुजुर्ग को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बुजुर्ग ने शराब पी रखी थी। उनके साथ किसी के नहीं होने के चलते फार्मासिस्ट ने उन्हें पीएचसी के बाहर बैठा दिया था। फार्मासिस्ट को ऐसा नहीं करना चाहिए था। सभी तथ्यों की जांच कराई जा रही है।