कानपुर देहात। अपराधों के खुलासे में गिबी का साथ ओली देगा। स्क्वायड में अब एक और डॉग बढ़ गया है। चार माह पहले लाए गए गिबी का साथ देने के लिए ओली को लाया गया है। ओली को पंचकुला हरियाणा से लाया गया है।
जिले की पुलिस केे पास अक्टूबर 2019 तक डॉग स्क्वायड नहीं था। घटनाओं के बाद डॉग स्क्वायड को मदद के लिए कानपुर नगर के सहारे रहना पड़ता था। राष्ट्रपति का गृह जनपद होने के बाद भी डॉग स्क्वायड न होने पर एसपी ने उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा था। इस पर जिले को अक्टूबर में पहली डॉग गिबी मिली।
हैंडलर के मुताबिक वह अकेले की वजह से परेशान रहती थी। इस पर उसका साथ देने के लिए पंचकुला हरियाणा से ओली को लाया गया है। अब दोनों मिलकर जिले की आपराधिक घटनाओं के खुलासे में पुलिस की मदद करेंगी। हत्या या डकैती की घटनाओं में सुराग लगाने में दोनों माहिर हैं। हैंडलर धर्मपाल ने बताया कि गिबी ने कहिंजरी में कालेज के अंदर चौकीदार की हत्या के खुलासे में अहम भूमिका निभाई थी। ओली के हैंडलर किशोर कुमार हैं। मंगलवार को हैंडलर के सहयोगी मनीष ने बताया कि ओली के आने के बाद गिबी खुश है।
एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि जिले में अब स्क्वायड में दो डॉग हो गए हैं। आपराधिक घटनाओं के खुलासे में इनसे पुलिस को मदद मिलेगी।