रनियां पीएचसी का निरीक्षण करती डीएम। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात/रनियां। रनियां पीएचसी से घायल को अब सीधा हैलट रेफर किया जाएगा। इससे समय बचेगा और घायल की जान भी बच सकेगी। यह आदेश बुधवार को डीएम नेहा जैन ने रनियां पीएचसी के निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों को दिया।
डीएम नेहा जैन ने पीएचसी में ओपीडी कक्ष, टेलीमेडिसिन कक्ष, पैथोलॉजी कक्ष और दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया। पीएचसी प्रभारी डॉ. विशाल ने डीएम को बताया कि बुधवार को ओपीडी में 31 मरीजों का उपचार हुआ।
डीएम ने कहा कि इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। गंभीर रूप से घायल मरीजों को जिला अस्पताल के बजाय सीधा कानपुर के हैलट चिकित्सालय भेजें। पीएचसी से जिला अस्पताल और वहां से हैलट जाने पर समय अधिक लगता है।
इससे मरीजों की जान पर भी बन आती है। डीएम ने पीएचसी में कमियों को लेकर प्रभारी डॉक्टर से डिमांड भेजने की बात कही। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अकबरपुर वागीश कुमार शुक्ला सहित अन्य मौजूद रहे।