पातेपुर प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान बच्चों से जानकारी लेतीं डीएम। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों का हाल जानने के लिए डीएम ने मंगलवार को अकबरपुर के पातेपुर प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां कक्षा एक में पंखा नहीं मिला। जबकि अन्य कक्षाओं में पंखे लगे मिले। वहीं, बिजली कनेक्शन नहीं होने की जानकारी पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा।
डीएम नेहा जैन ने पातेपुर प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां तैनात पांच शिक्षकों में मौके पर केवल एक शिक्षक मिले। अन्य चार शिक्षिका हर तालिका तीज पर्व की वजह से अवकाश पर थीं। विद्यालय का भवन जर्जर हालत में होने पर डीएम ने आवश्यक निर्देश दिए।
कायाकल्प योजना से विद्यालय को संवारने पर जोर दिया। डीएम ने उपस्थित बच्चों से शिक्षा एवं ड्रेस के संबंध में जानकारी ली। बच्चों ने डीएम को बताया कि ड्रेस के रुपये मिले हैं। ड्रेस बनवाई जा रही है।
पाठ्य पुस्तकों की जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि हिंदी, गणित आदि की किताबें मिल गई हैं। यहां एडीएम प्रशासन केशव नाथ गुप्ता, एसडीएम सदर वागीश कुमार शुक्ला, तहसीलदार रणविजय सिंह आदि मौजूद रहे।