जमौरा गांव में शव मिलने पर छानबीन करती पुलिस। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
सिकंदरा। जमौरा गांव के पास बंबा में एक युवक का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जता सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव बाहर निकलवाया।
शरीर पर सिलेटी जींस, सफेद शर्ट व काले स्पोर्ट्स जूते मिले। उसके हाथ में सत्यम सुनीता लिखा है। शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए हैं। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जमौरा गांव के पास बंबा में ग्रामीणों ने बुधवार सुबह पानी में शव उतराते देखा। कुछ ही देर में इसकी क्षेत्र में चर्चा हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। पुलिस के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना है।
बदबू की वजह से शव बमुश्किल बंबा से निकाला जा सका। ग्रामीणों को शव दिखाकर शिनाख्त कराने की कोशिश की गई लेकिन पहचान नहीं हो सकी। मृतक ने दाहिने हाथ में सत्यम सुनीता गुदाया था।
उंगली में पीली धातु की एक अंगूठी पहने है। नपीठ से लेकर सिर में चोटों के निशान साफ दिखाई पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। छानबीन के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सिकंदरा थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पानी में शव बहकर आया है। इससे आशंका है कहीं और हत्या कर शव फेंका गया है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए हैं।
छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शिनाख्त न होने पर नियमानुसार 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। आसपास के जिलों के सभी थानों में शव के बाबत सूचना भेज दी गई है। अगर कहीं गुमशुदगी दर्ज होगी तो आसानी से शिनाख्त हो जाएगी।