बदनपुर डेरा गांव के घटना स्थल पर पड़े ईंट पत्थर।
- फोटो : AKBARPUR
राजपुर (कानपुर देहात)। क्षेत्र के पैलावर गांव के बदनपुर डेरा में ताश के पत्ते खेलने के दौरान दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट के साथ ही दोनों तरफ में ईंट पत्थर चल गए। इसमें चार महिलाओं समेत दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां एक अधेड़ को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के बदनपुर डेरा निवासी जयराम ने बताया कि गुरुवार को गांव के राशन कोटेदार दरोगालाल कुछ लोगों के साथ ताश के पत्ते खेल रहे थे। इसी दौरान वहां से निकल रही जयराम की पत्नी पपीरा देवी ने ताश के पत्ते खेलने का विरोध किया। इससे नाराज कोटेदार दरोगालाल, बेटे जितेंद्र, सतेंद्र व साथी रवि व राजू ने महिला के साथ मारपीट कर दी।
इसके बाद वहां दोनों पक्षों के कई लोग इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते वहां ईंट-पत्थर चलने लगे। इससे रामलाल, प्रदीप सिंह, जयराम व उसकी पत्नी पपीरा देवी, रामबेटी, जावित्री, पंजाबी सिंह, बृहमा देवी, ज्योति समेत ओमप्रकाश के बेटे जयराम घायल हो गए। घटना कीू सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मौजूद डॉक्टर ने रामलाल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।