पोस्टमार्टम हाउस के बाहर गमगीन बैठे सुनील के परिजन।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात । अकबरपुर कोतवाली के करौसा बंबे में मंगलवार शाम कुच्छी के युवक का शव मिला था। मृतक के पिता ने करौसा गांव के व्यक्ति और उसके बेटे पर रात में काम करने से इंकार करने पर पुत्र की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम में सांस नाल व पेट में बंबे का पानी मिला। सिर में दाहिनी ओर चोट पाई गई। डॉक्टर ने मौत की वजह डूबना बताया है।
कुच्छी निवासी सुंदर लाल का बड़ा पुत्र सुनील (30) मजदूरी करता था। पड़ोसी गांव करौसा निवासी नाहर सिंह व उनका पुत्र विष्णु बाइक से सोमवार शाम को तीन बजे कुच्छी गांव पहुंचे। फसल सिंचाई के लिए दोनों सुनील को अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। मंगलवार को उसका शव करौसा बंबे में मिला।
मौके पर पहुंचे सुंदरलाल ने शव की शिनाख्त पुत्र सुनील के रूप में की। देर शाम सुंदरलाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पुत्र सुनील ने रात में काम करने से इंकार कर दिया था। इस पर नाहर सिंह व विष्णु ने फावड़ा मारने के बाद उसे बंबे में फेंक कर हत्या कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। बुधवार को मृतक के छोटे भाई दीपू, सोनू, पंकज, बहन नीलम व गुड्डी और मां राममूर्ति पोस्टमार्टम में शव देखकर रो पड़े।