कानपुर देहात। नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म में सिपाही नीरज कुमार को डेरापुर पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सिपाही ने मकान मालिक की कक्षा नौ में पढ़ने वाली 13 वर्षीय भतीजी से मंगलवार की रात में दुष्कर्म किया था। छात्रा की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था मंगलवार की रात घर में सभी लोग सो रहे थे। तभी किराये पर रह रहा सिपाही नीरज घर में आया और दरवाजा खटखटाया। बेटी के दरवाजा खोलने पर सिपाही उसका मुंह दबाकर अपने कमरे में ले गया था। वहां बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। बाद में बेहोशी की हालत में बेटी को घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया था।
गुरुवार को पुलिस ने सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया हैा। प्रयागराज के रहथू उतरवां निवासी नीरज कुमार 2018 बैच का सिपाही है। पिछले चार महीने से वह डेरापुर थाने की कांधी पुलिस चौकी में तैनात था।
पुलिस का दावा, प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई
पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में सिपाही और नाबालिग छात्रा के बीच प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है। एक पुलिस अफसर के मुताबिक जांच में पता चला है कि छात्रा अक्सर आरोपी सिपाही से मिलने उसके कमरे और पुलिस चौकी में आती थी। दोनों में मोबाइल पर बातचीत भी होती थी। प्रेम पत्र और ग्रीटिंग कार्ड का भी दोनों में अदान-प्रदान होता रहा है। पुलिस ने प्रेम पत्रों और सिपाही के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। पुलिस यह भी मान रही है कि मामला नाबालिग छात्रा से जुड़ा है। इसलिए प्रेम प्रसंग की बात मायने नहीं रखती हैं। उस पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई तय है।