रूरा। हारामऊ के बंजारा डेरा में दंपती व तीन बच्चों की शनिवार की रात जलकर हुई मौत के बाद बुधवार को भी गांव का माहौल गमगीन रहा। अपनों को खोने का गम परिजनों के चेहरे पर साफ झलकता है।
जब भी कोई उनसे संवेदना जताने पहुंचता है तो सभी फफक पड़ते हैं। वहीं, घटना के बाद प्रशासन की ओर से दिया गया राशन अब खत्म हो गया है। इस पर गांव के पूर्व प्रधान व अन्य लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया है।
बंजारा डेरा में 11 मार्च की रात दो बजे झोपड़ी में आग लगने से सतीश, उसकी पत्नी कागज व तीन मासूमों की जलकर मौत हो गई थी। घटना में सतीश की मां रेशमा झुलस गई थीं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
जली गृहस्थी मौके पर बुधवार को भी वैसी ही पड़ी रही। इससे मौके पर संवेदना जताने आने वाले लोगों की आंखों के सामने पूरा नजारा वैसे ही नजर आने लगता है। रुक रुक कर परिजन व रिश्तेदार बिलख पड़ते हैं।
मृतक सतीश के पिता प्रकाश बताते हैं कि बेटे, बहू व तीन बच्चों की मौत से बुढ़ापे की लाठी टूट गई है। जब कोई गांव आकर घटना पूछता है तो जख्म ताजा हो जाता है। पूर्व प्रधान प्रह्लाद सिंह व दूर के परिजनों के यहां से भोजन बनकर आ रहा है। पूर्व प्रधान प्रह्लाद सिंह ने बताया कि प्रशासन ने पहले दिन जो राशन दिया था, वह समाप्त हो गया। अब ग्रामीणों के यहां से आने वाला खाने पर परिजन बसर कर रहे हैं।
वहीं, सतीश की बहन नीतू कम ही बोल रही है। कभी आसमान की तरफ तो कभी जमीन पर एक टक निहारती रहती है। संवेदना जताने पहुंचे लोगों से रोते हुए कहा कि भइया, भाभी व मासूम बच्चों को इस तरह से दूर जाता देखना पड़ेगा कभी सोचा नहीं था। ऐसा किसी दुश्मन के साथ भी न हो। अब उसे गुड़िया रानी कहकर कौन बुलाएगा। भाभी नहीं हैं तो सब कुछ छिन गया लगता है।
बंजारा डेरा पहुंचे सपा नेता, दी सहायता
सपा नेता वीरसेन यादव, शेखू खान, मान सिंह यादव, मुन्नालाल यादव व पूर्व सैनिक कल्याण संगठन ने बुधवार को गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके साथ ही आटा, चावल, आलू, रिफाइंड, बिस्कुट आदि सामान भी दिया। सपा नेता वीरसेन यादव ने बताया कि यह सहायता प्रभाकर पांडेय की ओर से दी गई है।