कानपुर देहात। अकबरपुर में रविवार को युवक ने जांच कराई, तो उसका तापमान बढ़ा हुआ मिला। साथ ही जुकाम भी था। इसी तरह से एक गांव में युवती में कोरोना के संदिग्ध लक्षण पाए गए। इस पर दोनों को आइसोलेशन वार्ड भेजा गया।
रविवार को अकबरपुर कस्बा के एक युवक ने ओवर ब्रिज के नीचे पहुंच कर अपनी जांच कराई। उसने डॉक्टरों को बताया कि वह 20 दिन पहले नोएडा से घर लौटा था। उसे अब जुकाम होने के साथ बुखार आ गया। डॉक्टरों ने जांच में कोरोना जैसे लक्षण मिलने पर उसे आइसोलेशन वार्ड जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, इसी क्षेत्र के एक गांव में युवती ने बुखार होने पर जांच कराई। उसका तापमान बढ़ा होने के साथ अन्य लक्षण मिलने पर उसे भी आइसोलेशन वार्ड भेजा गया।
डॉ. शैफाली ने बताया कि 18 लोगों की जांच हुई हैं। इसमें कस्बा में हरिद्वार से लौटे पिता-पुत्र व दिल्ली से दो सगे भाइयों व उड़ीसा से आए एक युवक की भी जांच की गई। यह लोग लॉकडाउन के बावजूद आवश्यक सामग्री लेकर आने वाले वाहनों में सवार होकर जिले में आए हैं। बैरियर प्वाइंटों में पुलिस से बचने के लिए वाहनों से उतर कर यह लोग पैदल आगे बढ़ जाते थे।