राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ का विरोध करते कांग्रेसी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। ईडी की ओर से नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी से की जा रही पूछताछ का विरोध करते हुए कांग्रेसियों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में नारेबाजी की। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम न्यायिक को सौंपा।
जिलाध्यक्ष नरेश कटियार की अगुवाई में शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट पहुंच कर विरोध जताया। कहा कि सरकार की ओर से विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष को ईडी पूछताछ के नाम पर बार बार बुलाकर प्रताड़ित कर रहा है। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा जा रहा है।
इसमें संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से विपक्ष को प्रताड़ित करने को रोकने और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा करने का अनुरोध किया है। कांग्रेसियों ने करीब बीस मिनट डीएम कार्यालय के बाहर नारेबाजी की।
इसके बाद अकबरपुर के न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्ञानेश्वर प्रसाद को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आदर्श कटियार, शमीम कुरैशी, देवी प्रसाद, संजय कुमार गौड़, वाजिद कुरैशी, राकेश वाजपेई, यदुनाथ सिंह राजावत, तीरन सिंह नैयर, राधेश्याम, डॉ. राजकुमार सविता आदि मौजूद रहे।