रनियां में सिल्ट सफाई के नाम पर अवैध खनन करती जेसीबी।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर तहसील क्षेत्र में खनन माफिया सक्रिय हैं। रनियां में सिल्ट सफाई के नाम पर दिन दहाड़े नहर के किनारे खनन किया जा रहा है। इससे नहर की पटरी फटने का खतरा बढ़ गया है। सूचना के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। कई दिनों से चल रहे खनन की लगातार अफसरों से शिकायत भी हो रही है।
डीएम राकेश कुमार सिंह ने बुधवार को राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक में अवैध खनन की सूचनाओं पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को चेतावनी दी थी कि क्षेत्र में अवैध खनन पाया गया, तो कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी गुरुवार को रनियां में खनन होता रहा।
घाटमपुर रजबाहा के किनारे नारीखेत के पास जमा सिल्ट हटाने की ली गई अनुमति के नाम पर अवैध खनन किया जा रहा है। जबकि अनुमति में पटरी पर जमा सिल्ट व कचरा हटाना है। वहीं, मौके पर नहर पटरी के नीचे पांच से सात फीट गहराई तक मिट्टी खुदाई जेसीबी से की जा रही है। किसानों का कहना है कि सिल्ट उठाने नाम पर रजबाहा किनारे हो रहे खनन से पटरी फटने का खतरा बढ़ जाएगा।
इससे किसानों का नुकसान होगा। राजेश सिंह, रामबाबू, महेश कुमार ने बताया कि अफसरों से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। इन दिनों मिट्टी खनन का कारोबार तेजी से चल रहा है। रात में दस बजे के बाद माफिया सक्रिय होते हैं। इसके बाद सुबह पांच बजे मशीनें थम जाती हैं। रात भर जेसीबी से खुदाई करके मिट्टी डंपरों से निर्माणाधीन फैक्टरियों में डाली जा रही है।
एसडीएम आनंद कुमार सिंह ने बताया कि सिल्ट हटाने के नाम पर हो रहे अवैध खनन की जानकारी नहीं है। अवैध खनन की सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाती है। नहर पटरी खोदे जाने की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी।