फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur Dehat: डंपर से टकराकर दो सौ मीटर घिसटे बुलेट सवार, दो की दर्दनाक मौत

Tue, 30 Jun 2026 11:36 PM IST
Shikha Pandey न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर देहात
विज्ञापन
डंपर में फंसी बुलेट बाइक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मूसानगर थाना क्षेत्र के हलिया घाट मोड़ के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार डंपर ने बुलेट सवारों को टक्कर मार दी। सामने से टक्कर के बाद बुलेट सवार डंपर में फंस गए। चालक ने डंपर लेकर भागने का प्रयास किया तो करीब दो सौ मीटर तक बाइक व घायल घिसटते चले गए। बाइक में आग लग गई। राहगीरों ने आग बुझाई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।

विज्ञापन


घायल गल्ला व्यापारी पुत्र, पिता समेत तीनों को पुखरायां सीएचसी भेजा गया। वहां युवक व गल्ला व्यापारी के पिता की मौत हो गई। गल्ला व्यापारी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अंतरामपुर निवासी गल्ला व्यापारी अभिषेक सिंह (30) अपने पिता रूप सिंह (55) और साथी अजय (30) के साथ बउवां सराय अनाज खरीदने गए थे। वे तीनों बुलेट पर सवार होकर शाम करीब 6:30 बजे लौट रहे थे। हलिया घाट मोड़ के पास पेट्रोल पंप के लिए जैसे ही बुलेट मोड़ी तो सामने से घाटमपुर की ओर से आ रहे डंपर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बुलेट डंपर के नीचे नीचे फंस गई और तीनों लोग लगभग 200 मीटर तक डंपर के साथ घिसटते चले गए। सड़क पर रगड़ने से बुलेट में आग लग गई जिसे राहगीरों ने मिट्टी डालकर बुझाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। डंपर का चालक दुर्घटना के बाद मौके से भाग गया।

 

पुलिस ने तीनों घायलों को पुखरायां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां डॉक्टर राजवीर ने अजय और रूप सिंह को मृत घोषित कर दिया। अजय की असामयिक मृत्यु से उनके परिजन, पिता रामचंद्र, मां भगवान देवी और भाई संजय व नीरज, गहरे सदमे में हैं। परिजन के मुताबिक, मृतक अजय की शादी नहीं हुई थी और वह दिहाड़ी मजदूरी करता था।

 
विज्ञापन

थानाध्यक्ष अमिता वर्मा ने जानकारी दी कि घायल गल्ला व्यापारी अभिषेक सिंह को चिकित्सा महाविद्यालय अकबरपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया है। डंपर के नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। परिजन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें