कानपुर देहात। जिले के नगर निकायों में अतिक्रमण की समस्या बढ़ गई है। सीडीओ के निरीक्षण में फुटपाथ तक कब्जा मिला था। इस पर उन्होंने निकाय प्रशासन को अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद रविवार को अकबरपुर, सिकंदरा व शिवली नगर पंचायत में पुलिस की मौजूदगी में राजस्व विभाग व नगर पंचायत प्रशासन ने अस्थायी कब्जों पर बुलडोजर चलवाया। रसूूलाबाद व डेरापुर में कब्जेदारों को अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी गई है।
अकबरपुर में रविवार को संजय नगर की तरफ हाईवे किनारे के अतिक्रमण तहसीलदार रणविजय सिंह, ईओ देवहूति पांडेय, कोतवाल विनोद पांडेय की मौजूदगी में हटवाए गए। यहां स्थायी कब्जेदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई।
डेरापुर में एसडीएम साक्षी शर्मा ने ईओ सुरेश कुमार व पुलिस बल के साथ मुख्य बाजार का भ्रमण किया। गंदगी मिलने पर सफाई के निर्देश दिए। सड़क किनारे और सरकारी भवनों के बीच खाली पड़ी जमीन पर अतिक्रमण किए लोगों को अल्टीमेटम दिया।
रसूलाबाद में एसडीएम डॉ. जितेंद्र कटियार ने अतिक्रमण हटाने की अपील की। यहां सीओ आशा पाल सिंह, नायब तहसीलदार मनोज रावत व ईओ दिनेश कुमार शुक्ला मौजूद रहे।
शिवली नगर पंचायत के बस अड्डे के आसपास व फुटपाथ को कब्जा मुक्त कराने के लिए रविवार को तहसील प्रशासन व पुलिस सड़क पर उतरी। अतिक्रमण हटवाने के बाद एसडीएम ने दोबारा कब्जा मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान एसडीएम रमेश कुमार, ईओ अखिलेश कुमार, कोतवाल विनोद कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।
राजपुर नगर पंचायत के भाल पुलिया से बैंक ऑफ बड़ौदा तक प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान एसडीएम महेंद्र कुमार, सीओ रविकांत गौड़, नगर पंचायत के लिपिक जितेंद्र बाबू व पुलिस बल मौजूद रहा।
पुखरायां में फुटपाथ से हटवाया कब्जा
पुखरायां। कस्बे में मेनरोड के दोनों तरफ फुटपाथ पर हुए अतिक्रमण को एसडीएम अजय कुमार राय और सीओ तनु उपाध्याय की अगुवाई में जेसीबी से हटाया गया। इस दौरान सामान जब्त कर लिया गया। एक मेडिकल स्टोर में 100 ग्राम पॉलीथिन मिलने पर एक हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान चौकी इंचार्ज देव नरायण द्विवेदी, नगर पालिका के मनोज मिश्र, जितेंद्र कुमार, विकास कुमार यादव मौजूद रहे। (संवाद)