कानपुर देहात। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में एक विषय, प्रश्नपत्र या ट्रेड में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए 25 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए प्रार्थना पत्र शुल्क व अंक पत्र की छाया प्रति के साथ प्रधानाचार्य को देना होगा। प्रधानाचार्य तय तारीख तक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन अपलोड करेंगे।
प्रभारी डीआईओएस रती वर्मा ने बताया कि कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए हाईस्कूल के छात्र/छात्राएं पंजीकृत विद्यालय के प्रधानाचार्य से संपर्क कर 256 रुपये शुल्क व प्रार्थना पत्र के साथ अंक पत्र की छाया प्रति देंगे।
इंप्रूवमेंट के अंतर्गत परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण एक विषय तथा कंपार्टमेंट के अंतर्गत परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण दो विषयों में से केवल एक विषय में ही परीक्षा में शामिल हो सकता है।
इंटरमीडिएट में मानविकी, वैज्ञानिक एवं वाणिज्य वर्ग से सम्मिलित परीक्षार्थी किसी एक विषय में, कृषि भाग एक में निर्धारित विषयों में किसी एक प्रश्न पत्र में और व्यावसायिक वर्ग के लिए निर्धारित ट्रेड विषय में किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण छात्र कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने के लिए 306 रुपये शुल्क, प्रार्थना पत्र व अंक पत्र की छाया प्रति प्रधानाचार्य को देंगे।
उन्होंने बताया कि इसके बाद प्रधानाचार्य विद्यालय की यूजर लॉगइन से आवेदन यूपीएमएसपी डॉट ईडीयू डॉट इन पर ऑनलाइन करेंगे। इसके लिए अंतिम तिथि 25 जुलाई हैं।