रनियां। क्षेत्र में हाईवे किनारे अवैध रूप से तेल खरीद के कारोबार की सूचना पर मंगलवार को जिला पूर्ति विभाग ने राजेंद्रा चौराहे के पास पुलिस के साथ छापा मारा।
यहां पर चोरी छिपे दो टैंकरों से पेट्रोलियम पदार्थ खरीदा जा रहा था। पुलिस ने मौके से दो लोड टैंकर व 1480 लीटर छोटे ड्रमों में भरा पेट्रोलियम पदार्थ बरामद किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया जबकि उसके नौ साथी मौक से भाग निकले।
रनियां थानाक्षेत्र के राजेंद्रा चौराहे के पास काफी समय से अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थ खरीदने व बेचने कारोबार फल फूल रहा था। यहां पर मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति विभाग की ओर से मंगलवार को छापेमारी की गई।
अकबरपुर तहसील की पूर्ति निरीक्षक सुमल्लिका और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मोहम्मद उबैद अली, रनियां इंस्पेक्टर कपिल दुबे, उप निरीक्षक प्रभाकर यादव और धर्मेंद्र कुमार के साथ मौके पर पहुंची तो दो टैंकरों से पेट्रोलियम पदार्थ खरीदने की जानकारी मिली।
पुलिस को देखकर वहां पर मौजूद नौ लोग भाग निकले। पुलिस ने मौके से एक टैंकर के खलासी कमलेश कुमार पुत्र रामसजीवन निवासी कुर्वा खुर्द थाना गजनेर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मौके पर मिले दो टैंकर, चोरी का तेल, अन्य सामान थाने लेकर आ गई।
इंस्पेक्टर रनियां कपिल दुबे ने बताया कि पकड़े गए आरोपी को जेल भेजा गया है। फरार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि टैंकर में दो कंपनियों की इनवॉइस मिली है, जिन्हें सूचना दी गई है।
इनके खिलाफ दर्ज की गई रिपोर्ट
चोरी के कारोबार में शामिल सुमित गुप्ता, कुलदीप, मिस्त्री, रमेश, भोलू सहित टैंकर चालकों शकील अहमद व एक अन्य चालक नाम पता अज्ञात, क्लीनर कमलेश कुमार पुत्र रामसजीवन निवासी कुर्वा खुर्द थाना गजनेर, एक अन्य टैंकर का क्लीनर नाम पता अज्ञात तथा प्लाट का मालिक नाम पता अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी की पुलिस तलाश कर रही है।
मौके से बरामद सामान
दो टैंकर पेट्रोलियम पदार्थ लोड, 1480 लीटर छोटे ड्रमों में भरा पेट्रोलियम पदार्थ, कीप, नोजल, पाइप आदि।