कानपुर देहात। लखनऊ के एक होटल में आग लगने की घटना के बाद शासन के निर्देश पर जिले में कराए गए फायर ऑडिट में 13 होटल बिना फायर एनओसी के संचालित मिले। इन सभी होटलों के संचालकों को अग्निशमन विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है।
लखनऊ के एक होटल में आग लगने की घटना में कई लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद शासन के निर्देश पर जिले के होटलों में भी फायर ऑडिट कराया गया। फायर ऑडिट में रनियां, रायपुर, सिकंदरा, अकबरपुर व रूरा के करीब 13 होटल बिना फायर एनओसी के संचालित मिले थे।
कुछ होटलों में ही अग्निशमन उपकरण व आग बुझाने की व्यवस्था मिलीं, लेकिन अधिकांश में केवल सबमर्सिबल पंप लगे थे। ऐसे में आग लगने से जनहानि के साथ अधिक नुकसान की आशंका बनी है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रूरा के प्रसाद पैलेस, अकबरपुर के नील श्री ग्रांड, रौनक, चौरसिया, रनियां के काके द होटल समेत 13 होटल संचालकों को नोटिस दिया गया है। एक सप्ताह में बिंदुवार सूचना मांगी गई है। समय से सूचना उपलब्ध नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खामियां मिलने पर चार निजी अस्पताल संचालकों को भी नोटिस
अकबरपुर के निजी अस्पतालों में कराए गए फायर ऑडिट में चार निजी अस्पतालों में एनओसी के बाद भी उपकरणों में क्रियाशीलता को लेकर छोटी खामियां पाई गई। अब इन खामियों को सुधारने के लिए अग्निशमन विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है। सीएफओ ने बताया कि अकबरपुर के न्यू सिटी हॉस्पिटल, मां हॉस्पिटल, मां गीता हॉस्पिटल और विकास मेडिकल सेंटर के संचालक को नोटिस दिया गया है।