कानपुर देहात में भोगनीपुर-सिकंदरा मुगल रोड पर इटखुदा के पास रविवार सुबह कोहरे के चलते डंपर और वैन में भिडंत हो गई। अनियंत्रित होकर खंदी में गिरी वैन पर डंपर का केबिन पलट गया। इससे वैन व डंपर सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर आठों घायलों को बाहर निकाला और पीएचसी राजपुर में भर्ती करवाया है।
भोगनीपुर थाना क्षेत्र के करियापुर निवासी आकाश ने बताया कि शनिवार को उसके इटावा निवासी मामा देवेंद्र शर्मा की बेटी अन्नू की शादी थी। इसमें वह भाई विकास (18), मनी (19), विनय (25), रिश्तेदार धीरेंद्र निवासी इमलिया थाना मुसकरा हमीरपुर के साथ दौलतपुर निवासी शालू की वैन किराए पर लेकर गए थे। रविवार तड़के विदाई के बाद वह लोग वैन से घर लौट रहे थे।