Kanpur Dehat News: रनियां थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक सवार टकरा गए। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
कानपुर देहात में रनियां थाना क्षेत्र के विसायकपुर के पास हाईवे किनारे खड़े ट्रक में देर रात बाइक सवार पीछे से जा टकराए। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हो गए। चारों एक बाइक पर सवार होकर एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
विज्ञापन
गजनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर-तरौंदा निवासी श्रीकांत के पुत्र आदित्य गौतम (17) व अमन गौतम (22) गांव के अजय गौतम (21) पुत्र रामजीवन और सूरज गौतम के पुत्र ज्ञानू गौतम (20) के साथ एक बाइक में सवार होकर चिरौरा निवासी लक्ष्मी नारायण के बेटी को शादी में गए थे।
रात में लगभग एक बजे चारों घर जा रहे थे। विसायकपुर के पास एक ढाबा के सामने हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से भिड़ गए। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान अजय गौतम की मौत हो गई, जबकि आदित्य की कानपुर में मौत हो गई। परिवार में कोहराम मचा है। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।