कानपुर देहात में कानपुर-झांसी हाईवे पर डीघ के पास शनिवार देर रात को उल्टी दिशा में आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने गेस्टहाउस के बाहर खड़ी बस को टक्कर मारने के साथ किनारे खड़े आठ लोगों को भी टक्कर मार दी। इससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उनको उपचार के लिए जिला अस्पताल ले आए। यहां डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया।
भोगनीपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी सतीश कुमार की पुत्री की शादी शनिवार को डीघ स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस में थी। इसमें शामिल होने के लिए उनके परिवार व गांव के लोग आए थे। शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस घर जाने के लिए कानपुर-झांसी हाईवे किनारे खड़े जगदीशपुर के ओमी सिंह (50) के अलावा गुड्डू यादव , सतीश कुमार, ललिता, लोकपाल, रीता, युगराज व सोनू की तीन साल की बेटी परी घर जाने के लिए कोहरे के बीच हाईवे किनारे खडीं थीं।