मृतक अभी कुमार के गमगीन परिजन। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
मुंगीसापुर। पत्नी का प्रसव होने के बाद बेटे को देखने ससुराल आए युवक को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा शनिवार देर रात सिकंदरा के डुबकी गांव के पास हाईवे पर हुआ।
हरदोई के बहलोली गांव निवासी राजकुमार का बेटा अभी कुमार (28) कपड़ों की सिलाई का काम करता था। अभी की शादी डेरापुर के मुंगीसापुर गांव की सृष्टि के साथ हुई थी। कुछ दिन पूर्व प्रसव के लिए सृष्टि मायके आ गई थी। जहां तीन दिन पहले उसने बेटे को जन्म दिया था।
इसकी खबर पाकर अभी शनिवार को पत्नी व बेटे को देखने ससुराल आया था। देर रात वह चुपचाप घर से बाहर निकल गया। डुबकी गांव के पास हाईवे पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया। सूचना पर पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना पर पत्नी सृष्टि, सास सुनीता, साला विजय अस्पताल पहुंचे और बिलख पड़े। वहीं ससुराल पहुंचे अभी के परिजन भी बिलख पड़े। चौकी प्रभारी अवनीश पटेल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही वाहन व चालक को पकड़ लिया जाएगा।
पिता के बाद नवजात की भी सांसें थमीं
मुंगीसापुर। युवक की मौत के बाद रविवार शाम उसके नवजात बेटे की भी सांसे थम गईं। बेटे के जन्म से मां सृष्टि समेत परिजन काफी खुश थी। सूचना पर पति भी बेटे को देखने हरदोई से ससुराल आया, तो सृष्टि की खुशी और बढ़ गई। लेकिन 24 घंटे के भीतर की घर का पूरा माहौल बदल गया। हादसे में पहले पति की मौत और फिर अचानक नवजात बेटे की मौत से सृष्टि पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के अनुसार पति की मौत के बाद सृष्टि भी नवजात को लेकर माती स्थित पोस्टमार्टम हाउस गई थी। वहां से लौटते समय नवजात की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इससे दुखी सृष्टि रात भर नवजात का शव छाती से लगाए गुमसुम बैठी रही। (संवाद)