केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 10वीं के परिणाम में कानपुर ने लखनऊ, प्रयागराज को पछाड़ दिया है। कानपुर का ओवरऑल परीक्षा का परिणाम 95.06 फीसदी गया। हालांकि यह पिछले साल के मुकाबले 1.71 फीसदी कम रहा। 2019 में परीक्षा परिणाम 96.77 फीसदी था।
प्रयागराज कार्यालय से जारी आंकड़ों के अनुसार 116 स्कूलों के छात्र-छात्राएं परीक्षाओं में शामिल हुए। 20 केंद्रों में हुई परीक्षा में 12185 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। बुधवार को घोषित हुए परिणाम को लेकर स्कूलों में उत्सुकता रहीं। हालांकि, 10वीं के कंप्यूटर्स को छोड़कर सभी परीक्षाएं हो चुकी थीं।
कंप्यूटर्स में छात्रों को औसत अंकों के आधार अंक दिए गए। इस बार का शहर का परिणाम 95.06 फीसदी गया। प्रयागराज का परिणाम 90.32 फीसदी और लखनऊ का 95 फीसदी परिणाम गया है। हालांकि अगर शहर के परिणाम की बात करें तो पिछले 10 सालों में (केवल 2018 को छोड़कर) सबसे खराब प्रदर्शन रहा है।
2018 में केवल 92.39 फीसदी परिणाम गया था। सिटी कोआर्डिनेटर बलविंदर सिंह ने कहा कि 10वीं की सभी परीक्षाएं हो गईं थी, लेकिन कोरोना के चलते इस बार बोर्ड की ओर से कोई मेरिट सूची नहीं जारी की गई है। परीक्षा का परिणाम कंप्यूटर विषय को छोड़कर अन्य फर्स्ट फाइव विषयों के आधार पर जारी किया जाता है।
पिछले 10 सालों में शहर का परिणाम
2010: 96.50
2011: 98.58
2012: 98.23
2013: 96.52
2014: 97.32
2015:97.43
2016: 98.62
2017: 98.16
2018: 92.39
2019: 96.77
2020: 95.06
टॉप चार जिलों का परिणाम
कानपुर: 95.06 फीसदी
लखनऊ: 95 फीसदी
प्रयागराज: 90.32 फीसदी
गोरखपुर: 87.50 फीसदी
बनारस: 86.64 फीसदी