कानपुर। 70वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता के अंडर-19 वर्ग में कानपुर मंडल ने रोमांचक मुकाबले में लखनऊ मंडल को दो रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। शुक्रवार को डीएवी मैदान पर खिताबी मुकाबले में कानपुर का सामना स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ से होगा। अंडर-14 वर्ग में आगरा और वाराणसी की टीमों ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई है।
बृहस्पतिवार को डीएवी मैदान पर खेले गए अंडर-19 वर्ग के सेमीफाइनल में कानपुर मंडल ने 12 ओवर में आठ विकेट पर 85 रन बनाए। राहुल ने सर्वाधिक 38 और वंश ने 21 रन का योगदान दिया। मान्विक ने तीन और प्रथम ने दो विकेट लिए। लखनऊ मंडल की टीम निर्धारित 12 ओवर में आठ विकेट पर 83 रन ही बना सकी। तौफीक ने चार विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। उधर, अंडर-14 वर्ग के सेमीफाइनल में आगरा ने स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई को 95 रन से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में वाराणसी ने कानपुर को सात विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।