उत्तर प्रदेश में कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र के निगोहा संपर्क मार्ग पर रविवार सुबह सड़क किनारे गड्ढे में अज्ञात युवक का शव पड़ा देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को उसके पास ऐसा कुछ भी नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो पाए। घटनास्थल से थोड़ी ही दूर नहर में एक बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है।
जिसके आधार पर पुलिस युवक की शिनाख्त करने के प्रयास में लगी है। शरीर पर मिले चोटों के निशान से आशंका है कि हत्या अन्यत्र कर शव को फेंका गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार सुबह प्रतापपुर निगोहा संपर्क मार्ग पर बेला मार्ग से करीब आधा किमी दूर सड़क किनारे गड्ढे में लगभग 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा देख राहगीरों ने मामले की जानकारी ग्रामीणों व पुलिस को दी।
सूचना पर थाना प्रभारी कृष्ण मोहन राय पुलिस बल के साथ पहुंचे। मृतक के चेहरे, पीठ, छाती, कोहनी, घुटनों व गले पर चोट व खरोंच के निशान हैं। शरीर के अन्य स्थानों पर भी नीले रंग के निशान बने थे। युवक के शरीर पर नीले रंग की जींस, पीले रंग की टी शर्ट व काले रंग की शर्ट थी। शव गड्ढे में मुंह के बल उल्टा पड़ा मिला।
तलाशी में कोई भी ऐसा कागजात या अन्य चीज नहीं मिली, जिससे उसकी पहचान हो पाती। छानबीन के दौरान पुलिस को घटनास्थल से करीब 700 मीटर दूर स्थित नहर में पानी के किनारे एक बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की पैशन प्रो बाइक पड़ी मिली है। चेसिस नंबर के आधार पर पता चला कि बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी -78/ एफ डब्ल्यू 0743 है और वाहन स्वामी का नाम कमाल अहमद पुत्र रईस अहमद निवासी रेउना, थाना घाटमपुर, कानपुर नगर है।
जानकारी पर क्षेत्राधिकारी बिल्हौर राजेश कुमार भी मौके पर गए और मामले की पूरी जानकारी हासिल की। एसओ कृष्ण मोहन राय ने बताया कि बाइक नंबर व उसके कागजात के आधार पर मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।