पानी की क्वालिटी की जांच करते जलकल विभाग के अधिकारी व कर्मचारी
- फोटो : amar ujala
कानपुर में जलकल विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए गोविंदनगर क्षेत्र का निरीक्षण किया। क्षेत्र के 12 मोहल्लों में सीवरयुक्त पानी आने की शिकायत पर टीम ने पेयजल कनेक्शनों की जांच की। नालियों के नीचे से गुजरे पेयजल कनेक्शन के करीब 15 क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत कराई।
वार्ड- 93, 48, छह, सात व वार्ड-16 जूही के क्षेत्रों में करीब 25 दिन से सीवरयुक्त पानी की आपूर्ति की शिकायतें आ रही थीं। गोविंदनगर एक से 10 ब्लॉक, 13 ब्लॉक, बी व डी ब्लॉक, कच्ची बस्ती, चरणजीत कॉलोनी, परमपुरवा, निरालानगर, जूही आदि मोहल्लों के कई घरों में यह परेशानी थी। वहीं, कुछ घरों में दिनभर पानी नहीं आ रहा था। इस संबंध में अमर उजाला ने 11 जून के अंक में 12 मोहल्लों में सीवरयुक्त पानी की आपूर्ति शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। गुरुवार को जोन-5 की टीम ने क्षेत्रों में मरम्मत का कार्य कराया।