साइबर ठगों ने गुरुद्वार बन्नो भाई साहिब के पूर्व प्रधान मोकम सिंह को सरकारी योजनाओं की जानकारी संबंधी एपीके (मोबाइल में एप इंस्टॉल करने वाली फाइल) फाइल भेज कर डाउनलोड करवाई। मोबाइल हैक करके उनके मोबाइल नंबर की ई-सिम निकलवाकर दो दिन के अंदर उनके बैंक खाते से 1.28 करोड़ रुपये पार कर दिए। सिम बंद होने पर जानकारी हुई तो साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
नजीराबाद थाना क्षेत्र के आरकेनगर निवासी मोकम सिंह ने बताया कि 23 अगस्त को उनके व्हाट्सएप पर शातिर ने पीएम किसान योजना, आरटीओ चालान समेत अन्य योजनाओं से संबंधित एपीके फाइल भेजी। उन्होंने फाइल मोबाइल में डाउनलोड कर ली। कुछ घंटे बाद उनके ई-सिम लेने का मैसेज आया, जिसे उन्होंने रिजेक्ट कर दिया। इसके बाद रविवार सुबह से उनका सिम बंद हो गया। अवकाश होने के चलते सिम कंपनी में सिम बंद होने की शिकायत दर्ज नहीं करा पाए।
इस बीच शातिर ने उनके मोबाइल से नेट बैंकिंग के जरिये बैंक खाते से 1.28 करोड़ रुपये उड़ा दिए। सोमवार सुबह मोबाइल कंपनी के ऑफिस में संपर्क करने पर शातिर द्वारा सिम एलॉट कराकर ठगी करने का पता चला तो हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दी। साइबर सेल थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्र ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर जांच की जा रही है।