चोरों की दहशत से भीड़ उग्र होने लगी है। शनिवार देर रात दक्षिण जोन में मानसिक रूप से कमजाेर महिला, तीन मजदूरों और एक ऑटो चालक को उग्र भीड़ ने बांधकर बेरहमी से पीट दिया। पुलिस ने दो मजदूरों को पीटने में गोविंदनगर थाने में 150 अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की है। इसी के साथ गोविंदनगर, बिठूर पुलिस ने रविवार को क्षेत्र में घूम-घूमकर लोगों को जागरुक किया। उन्होंने से मारपीट न कर पुलिस को सूचना देने की अपील की।
विज्ञापन
घटना-1 : मानसिक रूप से कमजोर महिला को खंभे से बांधकर पीटा
बर्रा सात में शनिवार देर रात करीब तीन बजे महिला के साथ चार युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे थे। कुछ देर बाद सभी एक खाली प्लॉट में घुसे तो लोगों ने चोर का शोर मचा दिया। इस दौरान चारों युवक महिला को छोड़कर भाग निकले। लोगों ने महिला को चोर समझकर खंभे से बांधकर जमकर पीट दिया। बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला के परिवार वालों से संपर्क किया गया है। इस पर उसके मानसिक रूप से कमजोर होने की जानकारी हुई है। वह चार दिन से लापता थी जिसे परिवार वाले भी तलाश रहे थे। महिला को परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है।
चोरों की दहशत से उग्र हुई भीड़
- फोटो : अमर उजाला
घटना-2 : ऑटो चालक को चोर समझकर पीटा, हुआ बेहोश
बर्रा के एच ब्लॉक में सवारी छोड़ने आए ऑटो चालक को भीड़ ने चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया। उसके बेहोश होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इसी तरह दामोदर नगर में मजदूरी करके लौट रहे तीन युवकों में से एक के हाथ में कुल्हाड़ी देख लोगों ने चोर होने का हल्ला मचा दिया। इस पर भीड़ ने एक युवक को पकड़कर बांधकर पीट दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे छुड़ाकर थाने ले गई। बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चोर समझकर ऑटो चालक और मजदूरों से मारपीट की गई है।
चोरों की दहशत से उग्र हुई भीड़
- फोटो : अमर उजाला
घटना-3 : दो मजदूरों को पीटा, बचाने पहुंची पुलिस से भिड़ गई भीड़ , 150 अज्ञात पर रिपोर्ट
गोविंदनगर के हरिजन बस्ती के पास मजदूरी करके लौट रहे घाटमपुर के भदरस गांव निवासी अनिल, कौशांबी के दादूपुर गांव के संजय यादव को शनिवार देर रात भीड़ ने लाठी-डंडों से जमकर पीटा। पुलिस माैके पर पहुंची और भीड़ को शांत करा दोनों को छुड़ाने का प्रयास किया। इस पर आक्रोशित भीड़ पुलिस कर्मियों से भिड़ गई। भीड़ ने पुलिस के सामने ही लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। भीड़ को बेकाबू देख पुलिसकर्मियों ने मामले की जानकारी थाने पर दी। फोर्स के पहुंचने के बाद दोनों को बचाया जा सका। गोविंदनगर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि बेवजह मजदूरों को पीटने और सरकारी कार्य में बाधा डालने में चौकी प्रभारी मिल्क बोर्ड की तहरीर पर 150 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना-4 : प्लॉट में अजनबी को देख मची अफरातफरी, लाठी पटककर खदेड़नी पड़ी भीड़
काकादेव थानाक्षेत्र के मतैयापुरवा निवासी आरती ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे गुप्ता टेंट हाउस के बगल में स्थित खाली प्लॉट में हाफ बनियान व पैंट पहने युवक को दूसरे घर से कूदते देखा। शोर मचाने पर कुछ ही देर में सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। कुछ युवक प्लॉट में उगी जंगली झाड़ियों के बीच डंडा लेकर घुसे और एक घंटे तक ढूंढते रहे। काकादेव थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ को समझाकर खुद प्लॉट में छानबीन की। वहीं, क्षेत्र में रहने वाली बुुजुर्ग रामरती ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे उन्होंने खुद क्षेत्र में तीन नकाबपोशों को मुंह पर कपड़ा बांधे देखा था। जब तक वह शोर मचाती तब तक वह लोग भाग निकले।