काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर स्थित मतैयापुरवा में राकेश कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर नामजद आरोपी उसके चचेरे भाई रवि कुमार प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू की।
काकादेव पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया था कि सोमवार दोपहर राकेश शराब के नशे में चचेरी बहन से गालीगलौज कर रहा था इस पर उसने विरोध किया तो तभी उसका भाई रवि और उसकी पत्नी अनीता आ गई। आरोप था कि तीनों ने उसे सड़क पर गिरा गिरकर पीटा, इससे वह मरणासन्न हो गया। हालत बिगड़ने पर वही तीन लोग उसे हैलट लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत होते ही रवि मौके से भाग निकला था।
राकेश की पत्नी ने रवि के खिलाफ इरादतन हत्या), 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम के अनुसार पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।