कोविशील्ड टीकाकरण की दूसरी डोज को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की व्यवस्था को जिले के स्वास्थ्य विभाग ने दरकिनार कर दिया है। रविवार को ही मंत्रालय ने स्पष्ट किया था कि टीके की दूसरी डोज के लिए कोविन पोर्टल पर पहले से की गई बुकिंग में कोई बदलाव नहीं है।
यानी जिन्हें आठ सप्ताह का स्लॉट मिला है, उन्हें उसी तारीख को टीका लगेगा। मगर कानपुर में दूसरी डोज के लिए पहले से स्लॉट बुक होने के बाद भी लाभार्थियों को 84 दिन बाद टीका लगने की जानकारी देकर लौटाया जा रहा है। कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज को लेकर केंद्र सरकार की नई गाइड लाइन ने मैनुअल पंजीकरण कराने वाले लाभार्थियों के सामने भी समस्या खड़ी कर दी है।
इन लोगों ने कोविन पोर्टल पर पंजीकरण कराए बगैर टीकाकरण केंद्रों पहुंचकर टीके की पहले डोज ली थी। इन्हें उसी समय आठ हफ्ते बाद दूसरी डोज की तारीख दी गई थी। ऐसे लोगों में 45 साल और इससे ज्यादा की उम्र वाले लाभार्थी शामिल हैं। ये लोग अब पूर्व निर्धारित तारीख पर टीकाकरण केंद्रों पर पहुंच रहे हैं तो उन्हें 84 दिन बाद आने को कहा जा रहा है।
बयानों में विरोधाभास, उलझन में लाभार्थी
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सोमवार रात तक ऐसे लोगों को सूचित करने का काम नहीं कर सका था कि उन्हें अब 84 दिन बाद टीका लगवाना होगा। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनता के लिए कोई लिखित बयान भी जारी नहीं किया गया, जिससे लोग परेशानी से बच सकें। केंद्र सरकार के स्पष्टीकरण और अधिकारियों के बयान में भी विरोधाभास है।
कोविन पोर्टल पर किए गए बदलाव को लेकर भी असमंजस की स्थिति है। सवाल यह उठता है कि जिन लोगों के पास फोन या इंटरनेट की सुविधा नहीं है और वे पहले से दी गई तारीख के मुताबिक वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे हैं तो उन्हें टीका क्यों नहीं लगाया जा रहा है। टीका न भी लगाया जाए तो कम से कम यह सूचित ही कर दिया जाए कि उन्हें 84 दिन बाद आना है।
सभी लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज अब 84 दिन बाद ही लगेगी, जिन लोगों के आठ सप्ताह पूरे हो गए हों, वे 12 सप्ताह इंतजार करें। प्रदेश स्तर पर इस बात के लिए मंथन हो रहा है कि टीका लगवाने की आगे की तारीख निर्धारित करने के लिए क्या तरीका अपनाया जाए। संभव है कि मैसेज या फोन के जरिये अगली तारीख दी जाए। तब तक लोग दूसरी डोज के लिए इंतजार करें। अथवा वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर अगली तारीख ले लें। - आलोक तिवारी, जिलाधिकारी
जिन लाभार्थियों ने कोविशील्ड की पहली डोज लगवा ली है, उन्हें दूसरी डोज 84 दिन के बाद ही लगेगी। कोविन पोर्टल पर यह व्यवस्था कर दी गई है। अब 84 दिन के पहले डोज को पोर्टल स्वीकार ही नहीं करेगा। वहीं कोवाक्सिन की दूसरी डोज के लिए 28 से 42 दिन की पुरानी व्यवस्था ही है। इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। - डॉ. जीके मिश्रा, अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण
वैक्सीन लगवाने को लेकर यदि भ्रम की स्थिति है तो इसके लिए सीएमओ और जिलाधिकारी से चर्चा करेंगेे। कहा जाएगा कि वे इसके लिए स्पष्ट सूचना प्रकाशित करवाएं, ताकि लोगों का भ्रम खत्म हो। - डॉ. राजशेखर, मंडलायुक्त व कोरोना रोकथाम के नोडल अफसर