फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोशल मीडिया पर ठग बने 'संकटमोचन', तीमारदारों की जेब ढीली कर दिला रहे अस्पतालों में बेड-ऑक्सीजन

Thu, 06 May 2021 04:19 PM IST
शिखा पांडेय दिव्यांश सिंह, कानपुर

सार

ठगों की प्लानिंग पता करने के लिए संवाददाता ने एक मरीज को भर्ती कराने के लिए अपने फेसबुक पर पोस्ट डाली। इसमें लिखा था कि मरीज को वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की जरूरत है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोरोना जैसी आपदा में अवसर खोज रहे ठगों ने सोशल मीडिया को अब अपना हथियार बनाया है। फेसबुक, ट्विटर पर खुद को संकटमोचक के रूप में ये ठग पेश करते हैं पर इनका असली काम परेशान मरीजों-तीमारदारों से उगाही करना है।
विज्ञापन


जांच से लेकर अस्पताल में भर्ती कराने तक की पूरी प्लानिंग इनके पास होती है। इन ठगों की प्लानिंग पता करने के लिए संवाददाता ने एक मरीज को भर्ती कराने के लिए अपने फेसबुक पर पोस्ट डाली। इसमें लिखा था कि मरीज को वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की जरूरत है।

कुछ देर में फेसबुक के मित्र ने कमेंट बॉक्स में दो ट्वीटर पोस्ट का स्क्रीन शॉट डाला। इसमें प्रज्जवल शेटिगर नाम से एक ट्विटर अकाउंट की पोस्ट में ग्रेस हॉस्पिटल, लखनपुुर, कानपुर में ऑक्सीजन और बेड उपलब्ध होने की बात लिखी थी।
विज्ञापन


दिए गए नंबर 9935523711 पर फोन करने पर बेड न होने की बात कही गई। निवेदन किया गया तो मरीज का ब्योरा व्हाट्सएप करने को बोला गया। पैसा पूछने पर कहा गया कि मरीज को लेकर आओगे, तब पैसे बताए जाएंगे।
Trending Videos

कुछ ही देर में मैसेज आया कि स्वरूपनगर के एक निजी डायग्नोस्टिक सेंटर में सीटी स्कैन कराकर वहां का वीडियो भेजो, फिर भर्ती करेंगे। वीडियो की जगह एक एक्सरे भेजा गया तो उसने कहा कि मरीज गंभीर है, भर्ती कराओ आकर। इसके बाद जब संवाददाता ने अस्पताल जाकर पूछा कि बेड खाली हैं तो वहां साफ मना कर दिया गया।

वेंटिलेटर नहीं, बाकी सब है, ले आओ मरीज
पोस्ट के कमेंट बॉक्स में आई दूसरी फोटो में राजावत सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल अकबरपुर कानपुर देहात में 10 आईसीयू बेड उपलब्ध होने की बात लिखी थी। दिए गए नंबर 7081200200 पर फोन करने पर कहा गया ज्यादा गंभीर मरीज के लिए वेंटिलेटर नहीं है। बाकी सब है, ले आओ। मरीज का ऑक्सीजन लेवल भी पूछा गया। पैसा पूछने पर बताया गया कि मरीज ले आओ, ज्यादा पैसे नहीं लिए जाएंगे। एडवांस पूछा गया तो फोन काट दिया। 
 
ऐसे करते हैं सेटिंग 
सूत्रों ने बताया कि सोशल मीडिया पर इन ठगों का जाल फैला हुआ है। बस पोस्ट डालो और कुछ ही देर में दर्जनों अस्पतालों में बेड खाली होने के कमेंट आने लगते हैं। ठग निजी अस्पतालों, डायग्नोस्टिक सेंटरों के संपर्क में होते हैं। हर जगह कमीशन तय होता है। रिपोर्ट दिखाने और जांच आदि का वीडियो भेजने के बाद ही ये अस्पतालों में मरीजों को भर्ती कराते हैं। पैसा पहले नहीं बताया जाता है, अस्पताल पहुंचने के बाद ही रेट खोले जाते हैं। मजबूरी में तीमारदारों को जेब हल्की करनी पड़ती है। 

 
विज्ञापन

वर्दी देख भाग निकला ठग 
 दो दिन पहले रामादेवी के एक अस्पताल में लखनऊ में तैनात एक पुलिसकर्मी के पिता को भर्ती कराने के लिए एक ठग ने 50 हजार रुपये मांगे थे। पुलिसकर्मी जब पैसा देने गया तो उसके साथ का एक दोस्त पुलिस की वर्दी में था जिसे देखकर ठग भाग निकला। फोन भी बंद कर लिया। 

एक दिन का बेड चार्ज 50 से 70 हजार
स्टेप एचबीटीआई में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संजीव मिश्रा ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने एक बुजुर्ग कोविड मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए सोशल मीडिया में पोस्ट डाला तो चार नर्सिंग होम से फोन आए।

उन्होंने एक दिन का बेड चार्ज 50 से 70 हजार रुपये और दवा का खर्च अलग से बताते हुए इलाज की हामी भरी। डॉ. मिश्रा ने कहा कि मेरा फोन नंबर उन तक कैसे पहुंचा, ये मुझे भी नहीं पता।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें