कोरोना संक्रमण की चेन 159 दिनों के बाद टूटी है। रविवार को जिले में एक भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सात हजार 233 कोरोना संदिग्धों के सैंपल लिए थे। इनमें से एक भी सैंपल कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला।
संक्रमण की चेन भले ही टूटी हो, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि अभी लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। लोग मास्क लगाकर निकलें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। कोरोना की दूसरी लहर न्यूनतम पर आ गई है। संक्रमण का फैलाव अब आखिरी बिंदु पर है।
सीएमओ की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार कोरोना संक्रमण शून्य रहा। साथ ही एक रोगी होम आइसोलेशन में कोरोना संक्रमण से मुक्त हुआ। कानपुर में महज 15 एक्टिव केस रह गए हैं। कोविड अस्पतालों के बेड खाली हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रविवार को 6309 कोरोना संदिग्धों के सैंपल लिए।
इनमें से 145 विशेष सर्विलांस अभियान और 6164 सैंपल रुटीन के हैं। सीएमओ डॉ. नेपाल सिंह का कहना है कि लोग एहतियात बरतें। भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क लगाकर ही जाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन करें।
कोरोना अब तक
नगर में अब तक कुल 82841 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 80922 अस्पतालों और होम आइसोलेशन में इलाज से ठीक हुए हैं। 1904 रोगियों की मौत हुई है। होम आइसोलेशन में सबसे ज्यादा 69554 रोगी ठीक हुए हैं।