24 घंटे में कोरोना से 18 रोगियों की मौत हो गई। 407 नए केस और मिले हैं। मौतों का यह आंकड़ा शहर के 10 अस्पतालों का है। मौतों की संख्या और अधिक हो सकती है। होम आइसोलेशन और नर्सिंगहोमों में मौत का आंकड़ा अपडेट नहीं है।
अब तक नगर में कोरोना से 1513 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना संक्रमित पांच रोगियों की मौत हैलट में हुई है और दो रोगी रामा मेडिकल कालेज में मरे हैं। इसके अलावा दो रोगी मान्यवर कांशीराम अस्पताल, दो रोगी नारायणा मेडिकल कालेज, एक रोगी जीटीबी अस्पताल, एक रोगी केएमसी, एक रोगी एसआईएस अस्पताल, एक रोगी कुलवंती, एक रोगी मधुराज और दो रोगियों की मौत न्यू लीलामणी अस्पताल में हुई है।
संक्रमित लोगों की संख्या घट रही है लेकिन मौतों का आंकड़ा कम नहीं हो रहा है। सोमवार को लिए गए 9633 सैंपलों में 407 नए संक्रमित मिले हैं। इलाज से 1227 रोगी ठीक भी हुए हैं। 88 मरीज अस्पतालों से 1139 होम आइसोलेशन में ठीक हुए हैं।
हैलट से 46, जीटीबी से 19, कांशीराम अस्पताल से दो, न्यू लीलामणी अस्पताल से एक, लाइफ ट्रान से एक, एसपीएम से एक, प्रिया से तीन, ग्रेस से एक, मरियमपुर से एक, रीजेंसी से एक, मधुराज से आठ, मेडि हेल्प से चार रोगी डिस्चार्ज किए गए। अब तक कोरोना के कुल संक्रमित 79 हजार 921 मिल चुके हैं। इनमें 70 हजार 947 ठीक हो गए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कोरोना संदिग्ध नौ हजार 766 लोगों के सैंपल लिए हैं।