आईआईटी कानपुर के 54वें दीक्षांत समारोह में उन मेधावियों को ही पदक मिलेंगे, जिन्होंने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली हों। एक डोज लगवाने वाले छात्रों को ऑडिटोरियम में प्रवेश नहीं मिलेगा। साथ ही मेधावियों को 24 घंटे पहले की आरटीपीसीआर रिपोर्ट भी लानी होगी।
आईआईटी का दीक्षांत समारोह 28 दिसंबर को है। इसमें मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। मोदी पांच मुख्य लोगों को सम्मानित करेंगे। यह पहला मौका होगा जब प्रधानमंत्री आईआईटी के किसी कार्यक्रम में शामिल होंगे। कोविड गाइडलाइन को देखते हुए नए दिशा-निर्देश संस्थान ने जारी किए हैं।
पदक पाने वाले छात्रों के साथ उनके अभिभावक उपस्थित नहीं रहेंगे। कोविड नियमों के चलते उनको ऑडिटोरियम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। छात्र-छात्राओं के लिए ड्रेस कोड भी लागू कर दिया गया है। छात्रों को नेहरू स्टाइल क्रीम सदरी और सफेद रंग का कुर्ता पायजामा, छात्राओं को कुर्ता और चूड़ीदार पायजामा या क्रीम रंग की साड़ी पहननी होगी।