नगर निगम में बैठे लोगों को देना पड़ता है कमीशन
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने तहरीर दी थी। पुलिस ने रज्जन और संदीप को गिरफ्तार किया था, जबकि गोविंद ने गिरफ्तारी पर स्टे ले रखा है। फिलहाल रज्जन और संदीप भी जमानत पर बाहर हैं। गोविंद ने रविवार को एसआईटी और डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए हैं। गोविंद ने बताया कि किसी तरह टेंडर लेने के लिए ठेकेदारों को नगर निगम में एक, डेढ़, दो, ढाई और तीन से लेकर पांच-सात फीसदी तक कमीशन नगर निगम में बैठे लोगों को देना पड़ता है।
कमीशन में खप जाती है 40 फीसदी धनराशि
ठेकेदार ने बताया करीब 40 फीसदी धनराशि तो कमीशन देने में ही खप जाती है। सड़कों के निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत धनराशि का सिर्फ 40 फीसदी ही खर्च हो पाता है। घटिया निर्माण कार्य को भी कमीशन के चक्कर में कुछ पार्षद ओके कर देते हैं। गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा होने की रिपोर्ट लगाकर ठेकेदारों के भुगतान में भी मददगार साबित होते हैं। सूत्रों का दावा है कि गोविंद ने कुछ भ्रष्ट पार्षदों और अधिकारियों के नाम तक एसआईटी को बताए हैं। गोविंद ने एसआईटी को यह भी बताया है कि टेंडर प्रक्रिया में सिंडीकेट से बाहर के ठेकेदारों को डराने-धमकाने की जिम्मेदारी रज्जन बाजपेई ही संभालता था।
चुनाव तक लड़ चुका ठेकेदार
सूत्रों के अनुसार गोविंद ने बताया कि उसने पहले केडीए में छोटी सी नौकरी की। उसके मामा नगर निगम में नौकरी करते थे। इस कारण बाद में वह भी नगर निगम में नौकरी करने लगे। धीरे-धीरे ठेकेदारी के मैदान में उतरा। पैसा कमाया तो गृह जनपद राजस्थान से 2007 में बसपा के टिकट से चुनाव भी लड़ा। 2012 में वह भाजपा में शामिल हो गया गया। केडीए से पहले उसने आगरा में भी एडीए में भी नौकरी की थी।
सीपी भी करेंगे गोविंद और गुरुजी से 50 सवाल
एसआईटी के सूत्रों के अनुसार गोविंद के बयानों के बाद एक बार फिर से उसे पूछताछ के लिए जल्द बुलाया जाएगा। इस बार उसके साथ-साथ ब्लैक लिस्ट कंपनी तिरुपति ट्रेडर्स के संचालक राजेश शुक्ला जो कि नगर निगम में गुरुजी के नाम से जाने जाते हैं उन्हें भी बुलाया जाएगा। दोनों से इस बार एसआईटी के साथ पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल भी 50 सवाल करेंगे। सवालों की सूची तैयार की जा रही है।
ठेकेदारों की ये कंपनियां हुई थीं ब्लैक लिस्टेड
- मेसर्स दिलीप बाजपेई
- मेसर्स अजय इंटर प्राइजेज, मालिक अजय बाजपेई
- पारसनाथ बिल्डर, मालिक संदीप जैन
- कैला इंटरप्राइजेज, मालिक गोविंद शर्मा
- तिरुपति ट्रेडर्स, प्रार्थना शुक्ला पत्नी प्रोफेसर राजेश शुक्ला
आरोपी ठेकेदार के बयानों से कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली हैं। इस पर एसआईटी अपनी जांच आगे बढ़ा रही है। भ्रष्टाचार के किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। एसआईटी की जांच पूरी होते ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -रघुबीर लाल, पुलिस कमिश्नर