कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन प्रभावित देशों से घूम कर आने वालों का सिलसिला जारी है। ओमिक्रॉन से संबंधित विस्तृत जानकारी अभी विशेषज्ञों के पास नहीं है। इससे विशेषज्ञों और स्वास्थ्य विभाग में ओमिक्रॉन को लेकर असमंजस की स्थिति है।
स्वास्थ्य विभाग ने आरआरटी टीमों को सक्रिय करने के साथ ओमिक्रॉन प्रभावित देशों से आने वालों की बारीकी सी मॉनीटरिंग शुरू कर दी है। सीएमओ डॉ. नैपाल सिंह का कहना है कि ओमिक्रॉन के संबंध में अभी तक जो स्थिति देखी गई है, उसमें यह कमजोर किस्म का वायरस है। डेल्टा की तरह नहीं है। लेकिन वायरस में म्यूटेशन का खतरा भी रहता है। इस संबंध में कुछ कहा नहीं जा सकता। इससे एहतियात बरतना जरूरी है। सैंपलों की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
डेंगू के दो पॉजिटिव, जीका, कोरोना एक भी नहीं
डेंगू के दो नए रोगी और मिले हैं। ये रोगी टिकरा और रौतेपुर के हैं। नगर में डेंगू के 13 एक्टिव केस हैं। वहीं गुरुवार को कोरोना और जीका का कोई संक्रमित नहीं मिला है। नगर में अब तक डेंगू के 673 संक्रमित मिले हैं।
सीएमओ डॉ. नैपाल सिंह ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में लार्वासाइडल का छिड़काव कराया जा रहा है। जीका के कुल संक्रमित 142 हैं, जिनमें 140 निगेटिव हो गए। एक्टिव केस में दो गर्भवती महिलाएं हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कोरोना संदिग्ध 3530 लोगों की सैंपलिंग की है।