दीनू की फर्जी डिग्री मामले में पुलिस ने चार्जशीट लगाने की तैयारी कर ली है। सोमवार को चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी। उधर, अधिवक्ता अशीष शुक्ला की जमानत को निरस्त कराने की अर्जी देने की पुलिस तैयारी कर रही है। अधिवक्ता धीरज उपाध्याय उर्फ दीनू पर आरोप है कि उन्होंने स्नातक तृतीय श्रेणी में पास होने के बाद बिहार के किसी विश्वविद्यालय से विधि में स्नातक किया है।
तथ्यों को छिपाकर उन्होंने बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश में अपना बतौर अधिवक्ता पंजीकरण कराया और ऑल इंडिया बार एक्जामिनेशन भी पास कर लिया। इस मामले में शिकायत हुई तो पुलिस ने जांच की। जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया। दीनू ने कोर्ट से मामले में जमानत ले ली। अब कोतवाली पुलिस ने इस मामले में चार्जशीट तैयार की है। जिसमें उनकी डिग्री फर्जी होने के साक्ष्य भी शामिल है। सूत्रों के मुताबिक सोमवार को चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी। उधर, अधिवक्ता आशीष भी फर्जी डिग्री मामले में कोर्ट से जमानत पर हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक उनकी जमानत भी खारिज कराई जाएगी।