कानपुर में चकेरी के काजीखेड़ा में वर्चस्व को लेकर दबंगों द्वारा फायरिंग कर एक युवक को घायल करने के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता समेत 28 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। सोमवार शाम काजीखेड़ा निवासी रोहित गौतम सैलून में दाढ़ी बनवा रहा था। इस दौरान सफीपुर निवासी बुग्गा नाम का युवक अपने साथियों के साथ वहां आया और उसपर फायर झोंक दिया था।
विज्ञापन
बचने के लिए हाथ बढ़ाने पर रोहित की एक उंगली उड़ गई थी। पुलिस ने रोहित की तहरीर पर आरोपी बुग्गा, भाजपा नेता अंशू गुप्ता, राजू पागल व 25 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। बता दें कि अंशू गुप्ता ने इससे पहले भी विधानसभा अध्यक्ष के घर के पास मारपीट के मामले में आरोपी को पकड़ने गई पुलिस से धक्का मुक्की की थी और आरोपी को छुड़वा लिया था। धक्का मुक्की का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था लेकिन सत्ता पक्ष के चलते पुलिस ने उस समय भी कोई कार्रवाई नहीं की थी। थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।