कानपुर के कार्डियोलॉजी की लैब में लगी आग के मामले में अस्पताल प्रशासन ने इस बार काफी सूझबूझ दिखाई। फायर विभाग के अफसरों ने बताया कि जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, तब तक कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से काफी हद तक आग बुझा ली थी। इससे आग फैल नहीं सकी। एफएसओ ने बताया कि फजलगंज, लाटूस रोड व कर्नलगंज फायर स्टेशन की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने महज चंद मिनटों में आग पर काबू पा लिया।
27 मार्च को लगी थी पहली बार आग
कार्डियोलॉजी में सवा दो महीने के भीतर तीसरी बार आग लगी है। 27 मार्च को पहली बार आग लगी थी। दमकल को आग बुझाने में पसीने छूट गए थे। दूसरे दिन भी शॉर्टसर्किट से दोबारा आग लगी थी। वहीं अब सोमवार को एक बार फिर शॉर्ट सर्किट से कार्डियोलॉजी में आग लग गई।
प्राचार्य ने कार्डियोलॉजी जाकर स्थिति देखी
आग की सूचना पर जीएसवीएम मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. आरबी कमल ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि फ्रिज के कंप्रेशर में आग लगी थी। इससे धुआं निकलने लगा। किसी रोगी या स्टाफ को कोई दिक्कत नहीं हुई है।