किदवईनगर में बुधवार रात कार और स्कूटी की भिड़ंत के बाद मारपीट हुई। पीड़ित ने तीन नामजद समेत एक अज्ञात महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। राहुल कुमार शर्मा ने दर्ज में बताया कि वह दोस्त आकाश के साथ स्कूटी से किदवई नगर जा रहे थे। विश्वास गार्डन के सामने स्कूटी मोड़ने पर उनकी कार से टक्कर हो गई।
इससे गुस्साए कार सवार शमशाद, नौशाद, सरताज व एक महिला ने उन्हें पीटा। ईंट-पत्थर भी चलाए और धार्मिक टिप्पणी की। शोर-शराबा सुनकर राहगीरों के आने पर आरोपी धमकी देकर भाग निकले। एडीसीपी साउथ योगेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। यह विवाद गाड़ियों के टकराने को लेकर हुआ था।